नई दिल्ली। अगर आप भारतीय रेलवे से सफर करते हैं तो 1 जुलाई 2025 से यात्रा थोड़ी महंगी हो सकती है। रेलवे ने मेल, एक्सप्रेस और लंबी दूरी की ट्रेनों के किराये में वृद्धि का ऐलान किया है। AC कैटेगरी की ट्रेनों में 2 पैसे प्रति किलोमीटर और नॉन-AC ट्रेनों में 1 पैसा प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। यह बदलाव 1 जुलाई से लागू होगा। हालांकि, उपनगरीय और सीजन टिकटों पर इसका कोई असर नहीं होगा, और 500 किलोमीटर तक की दूरी की यात्रा पर भी कोई किराया वृद्धि नहीं की गई है।
उदाहरण के लिए, राजधानी एक्सप्रेस में दिल्ली से पटना की मौजूदा यात्रा का किराया 2485 रुपये है, जो 1 जुलाई से 2505 रुपये हो जाएगा। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के 3AC का किराया 1350 रुपये से बढ़कर 1370 रुपये और स्लीपर क्लास का किराया 510 से बढ़कर 520 रुपये हो जाएगा। रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में भी बड़ा बदलाव किया है। 1 जुलाई से तत्काल टिकट बुक कराने के लिए आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। इसका उद्देश्य फर्जी बुकिंग को रोकना और सीटों की सही उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
यही नहीं, 15 जुलाई से तत्काल टिकट बुक करते समय यात्रियों को आधार आधारित OTP वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी। यह नियम IRCTC की वेबसाइट और ऐप के माध्यम से की जा रही बुकिंग पर लागू होगा। रेलवे के अनुसार यह कदम यात्रियों को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बुकिंग सुविधा प्रदान करने के लिए उठाया गया है। साथ ही, किराया वृद्धि से रेलवे को अपनी सेवाएं बेहतर करने में मदद मिलेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले किराया और नई नियमावली की पूरी जानकारी लेकर ही टिकट बुक करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।




