मुंबई। वेब सीरीज ‘पंचायत’ में दमाद जी का यादगार किरदार निभाकर लोकप्रियता हासिल करने वाले अभिनेता आसिफ खान को हार्ट अटैक आया है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अभिनेता पिछले दो दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। इस बात की जानकारी खुद उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी है।
आसिफ खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी के ज़रिए अपनी तबीयत और मनोस्थिति को साझा करते हुए लिखा, “पिछले 36 घंटों में ये देखने के बाद एहसास हुआ कि ज़िंदगी कितनी छोटी है। कभी भी किसी एक दिन को हल्के में मत लेना। हर चीज़ एक पल में बदल सकती है। जो कुछ भी आपके पास है, उसके लिए शुक्रगुजार रहिए। याद रखिए कि कौन आपके लिए सबसे ज़्यादा मायने रखता है और उन्हें सहेज कर रखिए। ज़िंदगी एक तोहफ़ा है और हम खुशकिस्मत हैं।
तबीयत में सुधार, फैंस को दी राहत की खबर
एक अन्य स्टोरी में आसिफ ने अपना हेल्थ अपडेट साझा करते हुए लिखा, पिछले कुछ घंटों में मेरी तबीयत कुछ ठीक नहीं थी और मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। अब ये बताते हुए खुशी हो रही है कि मैं ठीक हो रहा हूं और पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं। आप सभी के प्यार, चिंता और शुभकामनाओं के लिए दिल से शुक्रिया। मैं बहुत जल्द लौटूंगा। तब तक दुआओं में याद रखिए।
Read Also- दारू की लत ने फिर करवाई फजीहत, शराबी ने ग्रिल में फंसा दी गर्दन, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
‘पंचायत’ और अन्य प्रोजेक्ट्स से मिली पहचान
आसिफ खान को अमेज़न प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज ‘पंचायत’ में ‘दामाद जी’ के किरदार से जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी। इसके अलावा वे जयदीप अहलावत स्टारर ‘पाताल लोक’ में भी अहम भूमिका में नजर आ चुके हैं। फिल्मों की बात करें तो वे ‘काकुड़ा’ और ‘द भूतनी’ जैसी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं




