रायपुर। आर्थिक और सांख्यिकी विभाग में कार्यरत महिला डिप्टी डायरेक्टर माया तिवारी करीब 90 लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गईं। ठगों ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग में निवेश के बदले छह महीने में दोगुना मुनाफा मिलने का झांसा दिया। पीड़िता ने जब तक ठगी का अंदाजा लगाया, तब तक 20 से अधिक बार में 89 लाख 67 हजार रुपये ट्रांसफर कर चुकी थीं। इस पूरे मामले की शिकायत नवा रायपुर के राखी थाना में दर्ज की गई है। पुलिस ने अब तक 20 लाख रुपये होल्ड कर लिए हैं और आगे की जांच जारी है।
फेसबुक विज्ञापन बना ठगी का जरिया
|राखी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, डिप्टी डायरेक्टर माया तिवारी ने 3 मार्च को फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा। इसमें दावा किया गया था कि सरकार के समर्थन से एक कंपनी निवेश पर छह महीने में दोगुना मुनाफा दे रही है। विज्ञापन में एक वीडियो भी था, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने लिंक पर क्लिक किया और रजिस्ट्रेशन कर लिया।
Read Also- चैतन्य बघेल की गिरफ़्तारी पर मचा सियासी घमासान! कांग्रेस का ऐलान, 22 जुलाई को छत्तीसगढ़ बंद, होगी आर्थिक नाकेबंदी
फोन कॉल के जरिए जाल में फंसाया
रजिस्ट्रेशन के तुरंत बाद माया को एक महिला का कॉल आया, जिसने अपना नाम जारा अली खान बताया। उसने कहा, आपने बहुत अच्छा निर्णय लिया है। इसके बाद उसने माया को जानकारी दी कि उनकी राशि को मैनेज करने के लिए बुल मार्केट कंपनी की ओर से एक अकाउंट ऑफिसर नियुक्त किया जाएगा। कुछ समय बाद दूसरी महिला संगीता शर्मा ने कॉल कर खुद को अकाउंट ऑफिसर बताया। उसने फोनपे के जरिए 18 से 19 हजार के कई ट्रांजैक्शन कराए।
बार-बार अकाउंट बदलकर मंगवाए पैसे
इसके बाद माया को लगातार अलग-अलग नंबरों से कॉल आने लगे और उन्हें विभिन्न बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। माया ने इन कॉल्स पर भरोसा करते हुए 2.36 लाख, 4 लाख, 50 हजार, 11.3 लाख, 4.81 लाख, 9.5 लाख और अन्य कई किश्तों में कुल 89 लाख 67 हजार रुपये भेज दिए।
Read Also- CAG रिपोर्ट में बड़ा खुलासा: स्काई वॉक बना फिजूलखर्ची की मिसाल, बिजली विभाग और कौशल विकास योजनाओं में भी भारी खामियां उजागर
जुलाई में दोगुने पैसे का वादा
ठगों ने माया से कहा था कि जुलाई तक उनकी रकम दोगुनी हो जाएगी। लेकिन जब तय समय तक कोई मुनाफा नहीं मिला और लगातार बहाने बनाए जाने लगे, तो माया को शक हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने की जांच शुरू
रायपुर एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि एक महिला अधिकारी को साइबर ठगी में निशाना बनाया गया है। आरोपी ने उन्हें निवेश पर भारी लाभ का झांसा देकर करीब 89 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में अब तक 20 लाख रुपये होल्ड कर लिए गए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।




