सरगुजा। जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मुडेसा अवराडुगू में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में किसान दंपती की मौत हो गई। खेत में काम करते समय हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मुडेसा अवराडुगू निवासी करीमन साय गोंड और उनकी पत्नी दिलकुवंर गोंड अपने घर के पास स्थित खेत में धान का बीड़ा उखाड़ने गए थे। खेत में पानी की कमी को देखते हुए करीमन साय ने घरेलू बिजली कनेक्शन से पानी के पंप को जोड़ने का प्रयास किया।
Read Also- स्कूल शिक्षा विभाग ने 1227 व्याख्याताओं को पदोन्नति दी, जल्द होगी काउंसिलिंग के माध्यम से पदस्थापना
बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने बिजली के तार को पंप से जोड़ा, उन्हें तेज करंट लग गया और वह तार से चिपककर खेत में गिर पड़े। खेत में नमी होने की वजह से करंट फैल गया, जिससे पास में खड़ी उनकी पत्नी दिलकुवंर गोंड भी उसकी चपेट में आ गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।




