बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बारिश के कारण रनवे में पानी भर गया और दिल्ली से आ रही फ्लाइट को रायपुर एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा। इस कारण 40 से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कई की यात्रा स्थगित करनी पड़ी।
बार-बार के रिचार्ज से पाएं छुटकारा! Jio लेकर आया धमाकेदार और सबसे सस्ता सालाना प्लान
रायपुर में उतारे गए यात्री, दिल्ली लौटी फ्लाइट
जानकारी के अनुसार, एलायंस एयर की फ्लाइट दिल्ली से रवाना होकर जबलपुर होते हुए सुबह 11:10 बजे बिलासपुर पहुंचने वाली थी। लेकिन रविवार रात की तेज बारिश के कारण रनवे जलभराव से ग्रस्त हो गया। ऐसे में पायलट ने विमान को रायपुर एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया।
फ्लाइट दोपहर करीब 12:10 बजे रायपुर पहुंची, जहां यात्रियों को उतार दिया गया। इसके बाद विमान बिना यात्रियों के दिल्ली वापस लौट गया।
यात्रियों को झेलनी पड़ी दोहरी परेशानी
रायपुर में उतारे गए यात्रियों को अपनी निजी व्यवस्था से बिलासपुर जाना पड़ा, वहीं बिलासपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट का इंतजार कर रहे कई यात्रियों को अपनी यात्रा टालनी पड़ी। इससे यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने एयरलाइन प्रबंधन से समुचित जानकारी और व्यवस्था की मांग की।




