नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात होने वाले सामानों पर 25 प्रतिशत टैरिफ और अतिरिक्त जुर्माना लगाने की घोषणा कर दी है। यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापक व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी थी। ट्रंप ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘Truth’ पर साझा की और बताया कि यह टैरिफ 1 अगस्त से लागू होगा।
ट्रंप के इस फैसले पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए केंद्र सरकार से अपील की है कि वह इस चुनौती को आत्मनिर्भरता के अवसर में बदले और देश की अर्थव्यवस्था पर इसका नकारात्मक असर न होने दे।
Read Also- ‘आज न्याय की जीत हुई, भगवाधारी बाइज्जत बरी हुए’: मालेगांव ब्लास्ट फैसले पर बोले टी. राजा सिंह
मायावती ने कहा कि, मित्र देश बताने के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय आयात पर 1 अगस्त से 25 प्रतिशत शुल्क तथा रूस से तेल आयात करने पर पेनाल्टी लगाने की भी नई उभरी चुनौती को केन्द्र सरकार इसे अवसर एवं आत्मनिर्भरता में बदलकर देश की अर्थव्यवस्था को प्रभावित नहीं होने देगी। उन्होंने यह भी कहा कि, सरकार को अपने उस आश्वासन पर खरी उतरना चाहिए जिसमें कहा गया है कि किसान, छोटे और मंझोले उद्योग तथा राष्ट्रहित से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मायावती ने आगे लिखा, भारत दुनिया की सबसे बड़ी जनसंख्या वाला, अधिकतर ग़रीबों और मेहनतकश लोगों का देश है। यदि हर हाथ को काम देने की नीति बनाकर उसे सही ढंग से लागू किया जाए, तो देश आत्मनिर्भरता के रास्ते पर अग्रसर होकर ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की भावना के अनुरूप एक खुशहाल और सम्पन्न राष्ट्र बन सकता है।




