आशीष पदमवार
बीजापुर। जिले के उसूर थाना क्षेत्र में माओवादियों की कायराना करतूत एक बार फिर सामने आई है। पुजारीकांकेर गांव के जंगल में हुए प्रेशर आईईडी विस्फोट में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना सोमवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे से पांच बजे के बीच की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुजारीकांकेर स्कूलपारा निवासी कलमू गंगा पिता कलमू देवा रोज़ की तरह अपने पशुओं को चराने जंगल की ओर गया हुआ था। इसी दौरान जैसे ही वह जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में पहुँचा, वहां माओवादियों द्वारा पहले से दबाकर रखा गया प्रेशर आईईडी अचानक फट गया। विस्फोट के चलते उसके पैर के तलवे में गंभीर चोटें आईं।
Read Also- नन गिरफ्तारी विवाद: बस्तर में ईसाई समाज आक्रोशित, बजरंग दल नेताओं की गिरफ्तारी की मांग तेज, दी चक्काजाम की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के पुजारीकांकेर कैंप से सुरक्षाबल मौके पर पहुँचे और घायल ग्रामीण को तुरंत प्राथमिक उपचार देने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उसूर पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि माओवादियों ने यह विस्फोटक सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से लगाया था, लेकिन इसकी चपेट में एक निर्दोष ग्रामीण आ गया।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जंगलों और संवेदनशील इलाकों में अत्यधिक सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षाबलों को दें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




