जगदलपुर। भाजपा शासित नगर निगम में अब सत्ता और संगठन की अंदरूनी खींचतान खुलकर सतह पर आने लगी है। दलपत सागर वार्ड के वरिष्ठ भाजपा पार्षद नरसिंह राव ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवालों की झड़ी लगा दी है। राव ने अपने वार्डवासियों के साथ महापौर संतोष पांडे को ज्ञापन सौंपकर निगम प्रशासन की पोल खोल दी। इस घटनाक्रम ने न सिर्फ निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि भाजपा में गहराते मतभेदों को भी उजागर कर दिया है।
“हर बारिश में डूब जाता है वार्ड”
पार्षद नरसिंह राव ने दो टूक कहा कि चित्रकोट रोड और बिनाका मॉल के सामने हर साल बरसात में भीषण जलभराव की स्थिति बन जाती है। हालात इतने बदतर होते हैं कि पानी घरों में घुस जाता है और पूरा इलाका अस्त-व्यस्त हो जाता है। गायत्री नगर के लोग हर साल इस त्रासदी से जूझने को मजबूर हैं।
राव ने आरोप लगाया कि शहर की 80 प्रतिशत पुलिया अतिक्रमण से जाम हो चुकी हैं, जिससे नालियां बेअसर हो गई हैं। उनका कहना है कि अब आधे-अधूरे उपायों से काम नहीं चलेगा, निगम को PWD के साथ मिलकर मास्टर प्लान तैयार करना ही होगा।
Read Also- पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ED कस्टडी खत्म, आज कोर्ट में पेशी
महापौर का चौंकाने वाला बयान
जब इस नाराजगी पर महापौर संतोष पांडे से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने पहले तो ज्ञापन मिलने से ही इनकार कर दिया। बाद में कहा कि निगम में भाजपा या कांग्रेस, किसी के साथ भेदभाव नहीं हो रहा है।
महापौर ने दावा किया कि इस बार नगर निगम को पहले से कहीं अधिक फंड मिला है और जिले में विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चौड़ी सड़कें और बड़ी नालियां बनाने की योजना तैयार की जा रही है।
Read Also- नर्स की जगह महिला गार्ड ने लगाया मरीज को इंजेक्शन, हाईकोर्ट ने कहा – यह लोगों की जान के साथ खिलवाड़
सवालों के घेरे में भाजपा
महापौर के दावों और पार्षद की नाराजगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जब फंड की कोई कमी नहीं है और योजनाएं कागजों पर दर्ज हैं, तो फिर वार्डों में जलभराव और अव्यवस्था क्यों बनी हुई है?
भाजपा का ही वरिष्ठ पार्षद जब अपने समर्थकों के साथ सड़क पर उतरकर ज्ञापन सौंपने के लिए मजबूर हो रहा है, तो यह नगर निगम की कार्यप्रणाली पर करारा सवाल है। साथ ही यह संकेत भी कि भाजपा के भीतर असंतोष की लहर तेज हो रही है। आने वाले दिनों में यही असंतोष संगठन के लिए सिरदर्द साबित हो सकता है।




