मिनियापोलिस। अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस में स्थित एनानुंसिएशन कैथोलिक स्कूल में सोमवार को हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें शूटर भी शामिल है। वहीं, 20 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है।
गवर्नर ने दी जानकारी
मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज़ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की पुष्टि की। उन्होंने लिखा, “मुझे एनानुंसिएशन कैथोलिक स्कूल में हुई गोलीबारी की जानकारी दी गई है। जैसे-जैसे हमें और जानकारी मिलेगी, हम अपडेट देते रहेंगे। वर्तमान में बीसीए और स्टेट पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर मौजूद है।”
बच्चों के निकलने के समय हुई वारदात
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और एबीसी की जानकारी के मुताबिक, गोलीबारी उस समय हुई जब स्कूल से बच्चों के घर जाने का वक्त था। प्रारंभिक आशंका है कि इसी वजह से अधिक लोग इसकी चपेट में आए।
स्थिति अब नियंत्रण में
शहर के अधिकारियों ने बताया कि हमलावर को मौके पर काबू कर लिया गया है और अब लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है। सुरक्षा बलों ने स्कूल परिसर को सील कर जांच शुरू कर दी है।




