ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले की मीरा-भायंदर पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने तेलंगाना में संचालित एक अवैध ड्रग मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भंडाफोड़ किया है, जहां से करीब 32,000 लीटर एमडी (मेफेड्रोन) बनाने का केमिकल बरामद हुआ। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12,000 करोड़ रुपए आंकी गई है।
इस बड़ी कार्रवाई की शुरुआत सिर्फ 200 ग्राम एमडी ड्रग्स से हुई थी, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपए थी। पुलिस ने जब जांच को आगे बढ़ाया तो मिले सुराग उन्हें सीधे तेलंगाना की उस फैक्ट्री तक ले गए, जहां बड़े पैमाने पर मेफेड्रोन बनाने की तैयारी चल रही थी।
पुलिस ने इस ऑपरेशन में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह ड्रग नेटवर्क न केवल भारत में, बल्कि विदेशों तक फैला हुआ है। फैक्ट्री से बरामद केमिकल और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।




