नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत-फ्रांस के बीच द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की और यूक्रेन में जारी संघर्ष को समाप्त करने के प्रयासों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “राष्ट्रपति मैक्रों के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। हमने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग का सकारात्मक मूल्यांकन किया। यूक्रेन संघर्ष को शीघ्र समाप्त करने के प्रयासों सहित अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी वैश्विक शांति और स्थिरता को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती रहेगी।”
यह वार्ता यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन और प्रधानमंत्री मोदी की बातचीत के दो दिन बाद हुई। लेयेन ने भारत की भूमिका को रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने और शांति बहाल करने में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया था।




