नई दिल्ली। 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास पर एनडीए सांसदों के लिए रखी गई डिनर पार्टी अब रद्द कर दी गई है। यह कार्यक्रम 8 सितंबर को होना तय था और इसे चुनाव पूर्व एनडीए नेताओं की बैठक माना जा रहा था।
बाढ़ के हालात बनी वजह
सूत्रों के अनुसार, उत्तर भारत के कई राज्य इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में हैं। विशेषकर पंजाब सबसे ज्यादा प्रभावित है। आपदा की इन स्थितियों को देखते हुए डिनर कार्यक्रम को रद्द करने का फैसला लिया गया। इसी दिन बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर भी एक डिनर पार्टी प्रस्तावित थी, जिसे भी रद्द कर दिया गया है।
राष्ट्रपति ने जताई चिंता
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशभर में बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से हुई तबाही पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस साल मानसून के दौरान बादल फटने और बाढ़ जैसी आपदाओं से भारी नुकसान हुआ है। राष्ट्रपति ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, असम सहित प्रभावित राज्यों के लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की।




