राजनांदगांव। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने कट्टर नक्सली शंकर उर्फ अरुण येर्रा मिच्छा को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। उस पर नवंबर 2023 में एक निर्दोष व्यक्ति की हत्या और कई मुठभड़ों में सक्रिय भूमिका निभाने का आरोप है। महाराष्ट्र सरकार ने उसकी गिरफ्तारी पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
25 वर्षीय अरुण मिच्छा छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भोपालपटनम तालुका स्थित बांदेपारा गांव का निवासी है। जांच में पता चला है कि उसने सितंबर 2018 में माओवादी संगठन जॉइन किया था। वह शुरू में मद्देड दलम का हिस्सा था और दिसंबर 2018 तक छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में सक्रिय रहा। इसके बाद उसे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली संभाग में भेजा गया, जहां वह विभिन्न नक्सली दलमों में अहम भूमिका निभाता रहा।




