बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर तहसील में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पण्डरी गांव में पदस्थ पटवारी मोहन सिंह को 13 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह रकम एक किसान से उसकी पैतृक जमीन के बंटवारे के एवज में मांगी जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, वाड्रफनगर के एक किसान ने अपनी पैतृक जमीन के बंटवारे के लिए पटवारी कार्यालय में आवेदन दिया था। किसान का आरोप है कि पटवारी मोहन सिंह कई दिनों से जानबूझकर काम को टाल रहा था और बार-बार पैसों की मांग कर रहा था। आखिरकार पटवारी ने 13 हजार रुपए रिश्वत की मांग तय कर दी। जब किसान ने पैसे देने से इनकार किया, तो पटवारी ने साफ कह दिया कि वह बंटवारे का काम नहीं करेगा।
Read Also- महिला थाना परिसर में युवती ने खुद को लगाई आग, गंभीर रूप से झुलसी
परेशान किसान ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत की। शिकायत के बाद ACB ने योजना बनाकर जाल बिछाया। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। पटवारी के पास से पूरी रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है।
ACB अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पटवारी से आवश्यक पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य सरकारी कर्मचारियों में भी हलचल देखी जा रही है।




