नई दिल्ली।
करिश्मा कपूर के दोनों बच्चे समायरा कपूर और किआन कपूर अब अपने पिता संजय कपूर की संपत्ति में हिस्सा मांग रहे हैं। बच्चों का आरोप है कि वसीयत में उनका नाम नहीं है और उन्हें संपत्ति से पूरी तरह बाहर रखा गया है। इसी को लेकर उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है, जिसकी सुनवाई बुधवार को हुई।
कोर्ट में बच्चों की ओर से वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी पेश हुए। कोर्ट ने इस मामले को सिविल सूट के रूप में दर्ज कर लिया है और संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव कपूर को आदेश दिया है कि वे संजय कपूर की चल और अचल संपत्तियों का विवरण अदालत में पेश करें। अगली सुनवाई 9 अक्टूबर को होगी।
सुनवाई के दौरान संजय कपूर की मां रानी कपूर ने भी अदालत को बताया कि उन्हें भी 10000 करोड़ की संपत्ति में से कुछ नहीं मिला और दस्तावेज साझा नहीं किए गए। वहीं, प्रिया कपूर के वकील राजीव नायर ने दावा किया कि यह मुकदमा विचारणीय नहीं है, क्योंकि करिश्मा के बच्चों को पहले ही ट्रस्ट के माध्यम से 1900 करोड़ रुपये मिल चुके हैं।




