नई दिल्ली। राजस्थान के दौसा जिले के नांगल राजावतान स्थित चूड़ियावास सरकारी स्कूल में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। शनिवार को स्कूल में खाना खाने के बाद 50 से अधिक छात्रों को पेट दर्द और सिरदर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 8 बजे स्कूल में पोषाहार के तहत बच्चों को दूध दिया गया। इसके करीब आधे घंटे बाद रोटी और सब्जी परोसी गई। खाना खाने के कुछ देर बाद बच्चों ने पेट दर्द और सिरदर्द की शिकायत की। इसके बाद सभी को तुरंत नांगल सीएचसी ले जाया गया, जहां से 15 से 20 छात्रों को दौसा जिला अस्पताल रेफर किया गया।
खराब क्वालिटी का खाना बना कारण
जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खराब क्वालिटी के खाने को फूड प्वाइजनिंग का कारण माना जा रहा है। उन्होंने कहा, “लगभग 50 से ज्यादा छात्र पेट दर्द और सिरदर्द की शिकायत के साथ नांगल सीएचसी पहुंचे। 15 से 20 छात्रों को जिला अस्पताल, दौसा रेफर किया गया। सभी बच्चों की हालत अब स्थिर है।”
जांच के आदेश, होगी कड़ी कार्रवाई
जिला कलेक्टर ने मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की हैं। एक टीम खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाने की गुणवत्ता की जांच करेगी, जबकि दूसरी टीम शिक्षा विभाग की होगी, जो पोषाहार में कमी की जांच करेगी। कलेक्टर ने कहा, “खाने की गुणवत्ता की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।”




