रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की बहुचर्चित ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ पदयात्रा आज से शुरू हो गई है। रायगढ़ से भिलाई तक चलने वाली इस तीन दिवसीय पदयात्रा को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। 16 से 18 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत रायगढ़ में हस्ताक्षर अभियान और आमसभा से हुई। इसके बाद 17 सितंबर को तखतपुर, मुंगेली और बेमेतरा में पदयात्रा एवं जनसभाएं होंगी, जबकि 18 सितंबर को राजनांदगांव, दुर्ग और भिलाई में समापन कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस यात्रा में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस अभियान में घर-घर संपर्क, हस्ताक्षर अभियान, मशाल और बाइक रैली भी आयोजित की जाएगी।
Read Also- पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव: SP मोहित गर्ग ने 11 टीआई और 1 उपनिरीक्षक का किया तबादला
इधर, कांग्रेस की पदयात्रा पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखा हमला बोला है। पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई जनहित का मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा- कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं है। हार से बौखलाई कांग्रेस अब सिर्फ राहुल गांधी के नेतृत्व को पाक-साफ दिखाने की कोशिश कर रही है।
वहीं, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा- कांग्रेस लगातार हार से तिलमिलाई हुई है। कभी वोट चोरी का आरोप लगाती है, तो कभी EVM पर सवाल उठाती है। इनके कहने से कुछ नहीं होने वाला।




