नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान कपिल देव ने एशिया कप में भारतीय खिलाड़ियों के पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा मैच रेफरी को हटाने की मांग जैसे विवादों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इन मुद्दों को तूल न देने की सलाह दी।
कपिल देव ने कहा, “ये छोटी बातें हैं। हाथ मिलाना या न मिलाना, अगर किसी को अच्छा नहीं लगता, तो ठीक है। इस पर दोनों पक्षों को बड़ा विवाद नहीं करना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि क्रिकेटरों को बड़े या गलत बयान देने से बचना चाहिए, क्योंकि कुछ क्रिकेटर ऐसे बयान दे देते हैं, जिनसे विवाद पैदा होते हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा, “खेल है, क्रिकेट है। क्रिकेट खेलें और इससे ज्यादा चर्चा करना मुझे ठीक नहीं लगता।”
पीसीबी द्वारा मैच रेफरी पर सवाल उठाए जाने के मुद्दे पर कपिल देव ने कहा, “ये मायने नहीं रखता। वो उनका काम है, उन्हें करना है।”




