दिल्ली। पुलिस ने भगोड़े कारोबारी ललित मोदी के भाई समीर मोदी को रेप के एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को जब समीर मोदी दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर जा रहे थे, तभी उन्हें हिरासत में लिया गया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।
महिला की शिकायत पर कार्रवाई
यह मामला 10 सितंबर को दर्ज हुई एफआईआर से जुड़ा है। शिकायत करने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि 2019 से उसके और समीर मोदी के बीच संबंध रहे हैं और इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म हुआ।
Read Also- लखनऊ जमीन घोटाले में अपर्णा यादव की मां सहित 5 पर एफआईआर
समीर मोदी का बचाव
गिरफ्तारी के बाद समीर मोदी ने अपने वकील के जरिए बयान जारी किया। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठा करार देते हुए कहा कि उन्हें फंसाने की साजिश की जा रही है। समीर मोदी ने दावा किया कि संबंधित महिला उन्हें ब्लैकमेल कर 50 करोड़ रुपये की मांग कर रही थी।
वकील ने बताया कि समीर मोदी ने 8 और 13 अगस्त 2025 को दिल्ली पुलिस के कई थानों में महिला के खिलाफ शिकायत दी थी। इन शिकायतों में कहा गया था कि महिला उन पर दबाव डाल रही है और बड़ी रकम ऐंठने की कोशिश कर रही है। वकील के अनुसार, समीर मोदी के पास इसके पुख्ता सबूत मौजूद हैं, जिनमें व्हाट्सएप चैट्स भी शामिल हैं।
Read Also- फेस्टिव सीजन से पहले सोना-चांदी की कीमतों में उछाल, जानिए आज का रेट
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
समीर मोदी के वकील ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना तथ्यों की गहराई से जांच किए गिरफ्तारी कर ली गई है। उन्होंने इसे कानून के प्रावधानों का दुरुपयोग बताया और कहा कि यह मामला अदालत में आने के बाद साफ हो जाएगा।




