गुवाहाटी: मशहूर असमिया और बॉलीवुड सिंगर ज़ुबिन गर्ग का शव रविवार सुबह गुवाहाटी एयरपोर्ट पहुंचा। हज़ारों प्रशंसक ‘पूर्वोत्तर के रॉकस्टार’ को अंतिम विदाई देने एयरपोर्ट पर उमड़े। उनकी पत्नी गरिमा गर्ग और राज्य सरकार के अधिकारी शव को रिसीव करने के लिए मौजूद थे।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर ज़ुबिन की अंतिम यात्रा का वीडियो साझा किया। वह स्वयं दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शव को रिसीव करने पहुंचे थे। सीएम ने बताया कि शव को दिल्ली से गुवाहाटी लाने में परेशानी आई, क्योंकि ताबूत का आकार इतना बड़ा था कि चार्टर्ड विमान में उसे रखने में दो घंटे से अधिक समय तक कठिनाई हुई। अंततः शव को एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX 1197 से गुवाहाटी लाया गया।
ज़ुबिन गर्ग का निधन शुक्रवार को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान एक दुर्घटना में हुआ था। तीन दशकों से अधिक समय तक सक्रिय रहे ज़ुबिन असमिया और बॉलीवुड संगीत की प्रभावशाली आवाज़ थे। उनकी मृत्यु से प्रशंसकों में शोक की लहर है।




