रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सभी संभागों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजधानी रायपुर समेत कई क्षेत्रों में गुरुवार रातभर वर्षा होती रही और शुक्रवार सुबह से बूंदाबांदी का क्रम जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में अगले दो दिनों तक बारिश का यह दौर जारी रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है।
सबसे ज्यादा बारिश पखांजूर में
पखांजूर में सर्वाधिक 60 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, तापमान के आंकड़ों में राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रारोड का न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
Read Also- दशहरे पर नाली विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों और पत्थरबाजी में चार घायल
अलर्ट पर कई जिले
मौसम विभाग ने शुक्रवार को कोरिया, मुंगेली और बलौदाबाजार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि बालोद, दुर्ग, सरगुजा, बस्तर, धमतरी और रायगढ़ समेत 25 जिलों में यलो अलर्ट प्रभावी है। इन इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
बिजली गिरने से छह की मौत
बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने जानलेवा रूप ले लिया है। बुधवार को अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। गरियाबंद जिले में दो महिलाओं की और रायगढ़ जिले में चार युवकों की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सभी लोग बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे या खेत से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।




