निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर तहसील के ग्राम दरेठा में दशहरे के दिन नाली के पानी की निकासी को लेकर पुराना विवाद हिंसा में बदल गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते इतना बड़ा रूप ले लिया कि दोनों पक्ष लाठी-डंडों और पत्थरों से भिड़ गए।

इस झगड़े में एक महिला, एक बच्चा और एक बुजुर्ग समेत चार लोग घायल हुए। घायलों को डायल 112 की मदद से पृथ्वीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से 50 वर्षीय आसाराम अहिरवार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि नाली के पानी का विवाद लंबे समय से चला आ रहा था। गुरुवार को स्थिति बिगड़ी और गाली-गलौज के बाद हमला हो गया। हमले में आसाराम और उनके भाई को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।