फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में गुरुवार सुबह मोहम्मदाबाद एयरस्ट्रिप पर एक प्राइवेट जेट रनवे से फिसलकर झाड़ियों में जा टकराया। जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के इस विमान (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-DEZ) में सवार सभी यात्री और दोनों पायलट सुरक्षित हैं।
बीयर कंपनी के एमडी थे विमान में
हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ, जब विमान उड़ान भरते समय नियंत्रण खो बैठा और रनवे से बाहर निकलकर पास की झाड़ियों में जा गिरा। विमान में एक बीयर कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) सवार थे, जो जिले के औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन फैक्ट्री का निरीक्षण करने आए थे। घटना की सूचना पर उप-जिलाधिकारी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
डीएम ने दी जानकारी
फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि निजी जेट निर्माणाधीन फैक्ट्री के एमडी को लेकर उड़ान भर रहा था, तभी नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ। उन्होंने राहत व्यक्त करते हुए कहा कि सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं, और किसी को कोई चोट नहीं आई।




