जैसलमेर। थईयात गांव के पास हुई बस दुर्घटना में झुलसे एक और यात्री की मौत हो गई है। महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती जोधपुर के गंगाणा निवासी इकबाल (42) पुत्र अली खान ने 11 दिन तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद शुक्रवार देर रात दम तोड़ दिया। इस हादसे में मृतकों की कुल संख्या अब 27 हो गई है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, इकबाल हादसे में 40 से 45 प्रतिशत तक झुलस गया था और 14 अक्टूबर से उपचाराधीन था। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे में 19 यात्री मौके पर ही जलकर मर गए थे। 16 गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को प्रारंभिक उपचार के बाद जैसलमेर से जोधपुर रेफर किया गया था। इनमें से एक की रास्ते में मौत हो गई, जबकि छह अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। अब इकबाल की मृत्यु के बाद मृतकों की संख्या 27 हो चुकी है। चार यात्री अभी भी एमजीएच की बर्न यूनिट में भर्ती हैं, जबकि एक अन्य घायल को परिजन अहमदाबाद उपचार के लिए ले गए हैं।




