शिवहर। बिहार में चुनावी माहौल दिन-ब-दिन गर्म होता जा रहा है। प्रदेश की सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार जनता को लुभाने में जुटे हैं। शिवहर विधानसभा का मुकाबला इस बार और दिलचस्प हो गया है, जहां एक निर्दलीय प्रत्याशी ने एनडीए और महागठबंधन दोनों की नींद हराम कर दी है।
निर्दलीय प्रत्याशी संजय संघर्ष सिंह का प्रचार सबसे अलग और चौंकाने वाला है। वह खुद को जंजीरों में जकड़कर घर-घर जाकर लोगों से वोट मांग रहे हैं। उनका कहना है कि उनका चुनावी मकसद बागमती नदी के अदौरी खोरी पाकड़ पुल का निर्माण करवाना है। संजय संघर्ष सिंह को चुनाव में जंजीरें चुनाव चिन्ह के रूप में मिली हैं और इसी के माध्यम से वह लोगों के बीच अपने संदेश को पहुंचा रहे हैं।
वे कहते हैं कि यदि वे जीत जाते हैं तो पुल का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा। पिछले चुनाव में भी उन्हें जंजीर का चुनाव चिन्ह मिला था और पुल निर्माण के लिए उन्होंने वर्षों से दाढ़ी बढ़ा रखी है। उनका कहना है कि जब तक पुल का निर्माण नहीं होगा, वे दाढ़ी और चुनाव लड़ना नहीं छोड़ेंगे।
शिवहर विधानसभा में कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं और सभी को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। इस समय सभी उम्मीदवार प्रचार में लगे हैं और अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, वहीं संजय संघर्ष सिंह का अंदाज सबसे अलग नजर आ रहा है।
बिहार चुनाव 2025 के लिए निर्वाचन आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पहले चरण के लिए 6 नवंबर को वोट डाले जाएंगे, दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।




