रायपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी से गोलीबारी का मामला सामने आया है। जहां तीन अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने कांगेस नेता के ऑफिस के बाहर फायरिंग की है। इस गोलीबारी में दो लोग घायल हुए है। इस दौरान हमलावरों ने करीब 14 राउंड गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी से इलाके में हडकंप मच गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भारती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के कार्यालय में मंगलवार की देर शाम नकाबपोश शूटरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस फायरिंग के दौरान मौके पर मौजूद मुड़पार के पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह के हाथ और एक अन्य रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ ‘राजू सिंह’ के पैर में दो गोलियां लगीं। वहीं एक गोली पीठ को छूकर निकल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल चंद्रकांत सिंह (55) और राजू सिंह (45) को अपोलो अस्पताल ले जाया गया। चंद्रकांत के हाथ से गोली पार हो चुकी थी, जबकि डॉक्टरों ने राजू के पैर में फंसी दो गोलियां निकाल दीं।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए पूरे तोरवा-मस्तूरी क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है। सभी थानेदारों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। फॉरेंसिक टीम और साइबर यूनिट को भी जांच में लगाया गया है।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, यह भी जांच की जा रही है कि फायरिंग का कारण पुरानी रंजिश, राजनीतिक विवाद या व्यक्तिगत दुश्मनी तो नहीं है। एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं।




