लखनऊ। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने अलकायदा इन इंडियन सब-कांटीनेंट (एक्यूआईएस) के पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में रहकर देश में हिंसात्मक घटनाएं कराने की साजिश रचने वाले सहारनपुर निवासी बिलाल खान को 15 सितंबर को मेरठ से गिरफ्तार किया। एटीएस ने उसे नौ दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है और गहन पूछताछ शुरू की है।
चार हजार पाकिस्तानी नंबरों से जुड़ा था आरोपी
एटीएस की फारेंसिक जांच में बिलाल के मोबाइल से करीब चार हजार पाकिस्तानी नंबर मिले। वह एक्यूआईएस के पाकिस्तान आधारित हैंडलरों के सीधे संपर्क में था। आरोपी ने पाकिस्तानी हैंडलर से ऑनलाइन बयत ली थी और आसिम उमर संभली से गहरे प्रभावित था।
सोशल मीडिया पर चला रहा था देश विरोधी अभियान
बिलाल इंटरनेट मीडिया पर कई देश विरोधी ग्रुप संचालित कर रहा था। इन ग्रुपों के जरिए संवैधानिक संस्थाओं का विरोध, शरिया कानून की वकालत और हिंसात्मक जिहाद के लिए युवकों को उकसाया जा रहा था। वह पहलगाम हमले में मारे गए आतंकियों को शहीद बताता था और भारतीय सेना के खिलाफ अपशब्दों वाले वीडियो प्रसारित करता था।
कश्मीर को आजाद कराने का प्रोपेगैंडा
आरोपी पाकिस्तानी सेना के समर्थन से कश्मीर को भारत से अलग करने के संदेश और वीडियो वायरल कर रहा था। वह युवकों को जिहाद के नाम पर भड़काते हुए आसिम उमर की श्रद्धांजलि पोस्ट करता था।
एटीएस अब बिलाल के नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों तक पहुंचने में जुटी है। उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर कई युवकों की तलाश की जा रही है। जांच गोपनीय रखी गई है।




