Health Tips: देशभर में किडनी से जुड़ी बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जो वाकई में चिंता का विषय बन चुके हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हमारी रोजमर्रा की कुछ गलत आदतें ही किडनी की सेहत पर बुरा असर डाल रही हैं। अगर समय रहते इन आदतों में सुधार नहीं किया गया, तो किडनी फेलियर जैसी गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
अक्सर लोग यह मान लेते हैं कि केवल पानी की कमी के कारण ही किडनी से जुड़ी दिक्कतें होती हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, खान-पान और जीवनशैली से जुड़ी कई अन्य आदतें भी किडनी को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
ज्यादा नमक और चीनी का सेवन बन सकता है नुकसानदायक
डॉक्टरों का कहना है कि जरूरत से ज्यादा नमक का सेवन किडनी को डैमेज कर सकता है। जो लोग अपने भोजन में अधिक नमक या प्रोसेस्ड फूड का सेवन करते हैं, उनमें किडनी रोगों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, अधिक चीनी का सेवन भी किडनी की कार्यक्षमता पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। इसलिए नमक और चीनी का सेवन सीमित मात्रा में करने की सलाह दी जाती है।
धूम्रपान और शराब से बढ़ता है जोखिम
विशेषज्ञों के मुताबिक, धूम्रपान करने वाले लोगों में किडनी डैमेज होने की संभावना अधिक होती है। तंबाकू का सेवन न सिर्फ किडनी बल्कि हृदय और फेफड़ों की सेहत को भी नुकसान पहुंचाता है। इसी तरह, अत्यधिक शराब पीने की आदत भी किडनी के लिए बेहद हानिकारक साबित होती है।
Read Also- फैटी लिवर से बचाव के लिए जरूरी है सही खानपान और लाइफस्टाइल, जानें एक्सपर्ट की सलाह
पानी की कमी और मूत्र रोकने की आदत भी खतरनाक
पानी की कमी किडनी की बीमारियों का प्रमुख कारण मानी जाती है। वहीं, बार-बार मूत्र को रोकना भी किडनी पर दबाव डालता है, जिससे संक्रमण या अन्य गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। डॉक्टर सलाह देते हैं कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और मूत्र रोकने की आदत से बचें।
दर्द निवारक दवाइयों से भी बढ़ सकता है खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने यह भी चेतावनी दी है कि लंबे समय तक दर्द निवारक दवाओं (पेन किलर्स) का सेवन किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए इन दवाओं का उपयोग केवल डॉक्टर की सलाह पर ही करें।




