बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और दंतेवाड़ा की सीमावर्ती नेशनल पार्क क्षेत्र में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। घने जंगलों में चल रही इस कार्रवाई में कई नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा बलों ने इलाके में कुछ बड़े नक्सली नेताओं को घेर रखा है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों की एक बड़ी बैठक आयोजित होने वाली है, जिसमें सरकार की एंटी नक्सल नीति पर चर्चा की जानी थी। सूचना मिलते ही सीआरपीएफ, डीआरजी और कोबरा बटालियन के जवानों की संयुक्त टीम सोमवार देर रात ऑपरेशन के लिए रवाना की गई। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हुआ और मुठभेड़ शुरू हो गई।
Read Also- दिल्ली धमाके के बाद छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट: एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और धार्मिक-पर्यटन स्थलों पर सख्त सुरक्षा, सड़क और सोशल मीडिया पर चौकसी बढ़ाई
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। बीजापुर के एसपी ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और सर्चिंग अभियान को तेज कर दिया गया है।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जो नक्सली आत्मसमर्पण करना चाहते हैं, उन्हें सुरक्षित रास्ता और पुनर्वास की सुविधा दी जाएगी। वहीं, अगर किसी भी प्रकार का हमला होता है, तो सुरक्षा बलों द्वारा उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।




