रायपुर। राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार को हुए भयंकर कार धमाके में 9 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और जांच तेजी से जारी है। धमाके की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। रायपुर सहित राज्य के सभी प्रमुख शहरों में भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों जैसे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है।
रायपुर एसएसपी लखन पटले ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। सभी सुरक्षा एजेंसियां अपने-अपने कार्यों में लगी हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। एयरपोर्ट, होटल, धार्मिक स्थल और मुख्य सड़कों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Read Also- CG NEWS: अमित बघेल की तलाश तेज, पुलिस ने शुरू की व्यापक छापेमारी, जानकारी देने वालों को मिलेगा 5 हजार रुपए का इनाम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा, धमाके की घटना अत्यंत हृदयविदारक है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति हमारी गहरी संवेदना है। केंद्र सरकार और केंद्रीय एजेंसियां स्थिति की लगातार समीक्षा कर रही हैं और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यह घटना न केवल दुखद बल्कि चिंताजनक भी है। उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करने और जनता को स्पष्ट जानकारी देने की मांग की।




