बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत बिलासपुर–झारसुगुड़ा रेल सेक्शन में चौथी लाइन बिछाने का कार्य जारी है। इस परियोजना के तहत सारागांव स्टेशन में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। निर्माण कार्य के चलते 13 से 17 नवंबर तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए प्रभावित ट्रेनों की सूची जारी की है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेनों की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें।
प्रभावित ट्रेनें इस प्रकार हैं:
- 68738/68737 बिलासपुर–रायगढ़–बिलासपुर मेमू पैसेंजर : 14 से 17 नवंबर तक रद्द रहेगी।
- 68736 बिलासपुर–रायगढ़ मेमू पैसेंजर : 13 से 16 नवंबर तक रद्द रहेगी।
- 68735 रायगढ़–बिलासपुर मेमू पैसेंजर : 14 से 17 नवंबर तक रद्द रहेगी।
- 68861 गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू : अब केवल बिलासपुर तक ही चलेगी।
- 68862 झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू : इसका परिचालन अब बिलासपुर से शुरू होगा।
रेल प्रशासन ने कहा कि चौथी रेल लाइन का कार्य पूरा होने के बाद इस सेक्शन में ट्रेनों की गति और संचालन क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा।




