जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में 1.88 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। यहां जमीन और शेयर मार्केट में दोगुना मुनाफा दिलाने के नाम पर पिता-पुत्र ने धोखाधड़ी की है। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम बिलारी निवासी पीड़ित राजेश कुमार साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि करीब ढाई साल पहले उनकी पहचान भूपेंद्र साहू से हुई थी। भूपेंद्र ने उन्हें बताया कि वह जमीन की खरीद-बिक्री का काम करता है और उसका बेटा हिरेंद्र शेयर मार्केट में निवेश करता है, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा हो रहा है।
आरोपियों ने राजेश साहू को 25 महीनों में निवेश की गई रकम का ढाई गुना ब्याज सहित लौटाने का झांसा दिया। इस लालच में आकर पीड़ित ने वर्ष 2023 से 2024 के बीच 55 लाख रुपये ऑनलाइन खातों में और 1.33 करोड़ रुपये नकद दिए।
जब पीड़ित ने अपनी निवेश की गई रकम और ब्याज वापस मांगा, तो भूपेंद्र साहू और उसके बेटे हिरेंद्र साहू ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। शिकायत के बाद शिवरीनारायण पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी भूपेंद्र साहू (48 वर्ष) और उसके पुत्र हिरेंद्र साहू (21 वर्ष) को उनके गांव बिलारी से हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने ठगी की बात कबूल कर ली




