कोरिया। जिले में हाथियों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। बैकुंठपुर वनमंडल अंतर्गत 27 अक्टूबर की रात एक दर्दनाक घटना में 11 हाथियों के दल ने विशुनपुर गांव के बुजुर्ग फुलसाव पंडों उम्र 65 वर्ष पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जंगल में हाथियों का यह दल कल ही कोरिया जिले की सीमा में प्रवेश किया था। जिसके बाद से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने रातभर आवाजे सुनने और हाथियों की गतिविधियों को महसूस करने की पुष्टि की है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही है, ताकि हाथियों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके और ग्रामीणों को समय-समय पर सचेत किया जा सके।
रेंजर अजीत सिंह ने बताया कि, अभी मृतक के परिजनों को राहत राशि पच्चीस हजार रुपए दे गई है। 5,75,000 रुपये की राशि प्रदाय करने के लिए प्रकरण तैयार किया गया है। मामले की पुष्टि होने के बाद ये राशि भी मृतक के परिजनों को दे दी जाएगी। अजीत सिंह ने ग्रामीणों से अपील की है कि, जब तक हाथियों का दल रहवासी क्षेत्र से दूर नहीं चले जाते हैं, रात्रि के वक्त घर से बेवजह ना निकले और हाथियों से सचेत रहे।




