रायपुर। राजधानी रायपुर में एक ही दिन में दो कारोबारियों से उठाईगिरी का मामला सामने आया है। गंज थाना इलाके में 5 आरोपियों ने कार का कांच तोड़कर 10 लाख रुपए कैश समेत लाखों का इलेक्ट्रानिक सामान पार कर दिया। जबकि देवेंद्र नगर थाना इलाके में व्यापारी के कार का कांच तोड़कर 3 लाख रुपए की उठाईगिरी कर ली है।
पहला मामला गंज थाना इलाके में यहां स्वर्णभूमि परिसर निवासी कारोबारी प्रवेश अग्रवाल 12 जनवरी को अपनी कार क्रमांक सीजी 04-पीई-9909 से घर से करीबन 04.00 बजे रायपुर कोर्ट जाने के लिए अपने जीजा प्रखर जिंदल के साथ निकला था। कोर्ट सहित अन्य जगहों पर काम निपटाने के बाद जब डायग्नोस्टिक क्लिनिक में डॉक्टर से मिलकर 6.20 बजे निकले तो कार की कांच का शीशा टूटा देखा। कार के पास जाकर सामान की जांच की तो उसमें रखा 10 लाख कैश, एपल लैपटॉप, सैमसंग टैब, एक्सटर्नल हार्ड डिस्क और स्लिंग बैग में रखे पांच डेबिट और क्रेडिट कार्ड गायब थे।
दूसरा मामला देवेन्द्र नगर थाना इलाके से यहां महासमुंद निवासी प्रदीप चोपड़ा की डूबरतराई, सदाराम मार्केट रायपुर में प्लास्टिक मटेरियल की “अरिहंत मार्केटिंग” नाम से दुकान है और पंडरी महालक्ष्मी कपड़ा मार्केट में “पास लिविंग” नाम से फर्नीचर की दुकान संचालित हैं। रिश्तेदार की शादी की खरीदारी के लिए वे 3 लाख रुपये बैग में लेकर 11.30 बजे अपनी होंडा सिटी कार (CG 04 LM 1004) से रायपुर पहुंचे। शाम करीब 5.30 बजे उन्होंने पंडरी स्थित महालक्ष्मी कपड़ा मार्केट के पास महाराजा फुटवेयर के सामने निर्माणाधीन मॉल के किनारे कार खड़ी की। बैग को चेक कर पीछे सीट पर रखा और कार लॉक कर दुकान चले गए। रात करीब 8 बजे जब वे पैसे लेने लौटे तो देखा कि कार के बाईं ओर पीछे के दरवाजे का कांच टूटा हुआ है। अंदर रखा नीले रंग का ऑफिस बैग, जिसमें कुल 3 लाख रुपये थे, गायब मिला। किसी अज्ञात व्यक्ति ने कांच तोड़कर रकम चोरी कर ली। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इन दोनों ही मामले की शिकायत पीड़ित व्यापारियों ने पुलिस से की है। कारोबारियों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।




