महासमुंद। जिले में हुई दो बड़ी चोरी और डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वारदात को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं इनके कब्जे से कुल 93 लाख 33 हजार 104 रुपये के सोना-चांदी, वाहन और अन्य सामान बरामद किया गया है। घटना में शामिल दो आरोपी फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि इन वारदातों का मास्टरमाइंड कान्हा उर्फ हेमंत अग्रवाल है, जो अपने ही रिश्तेदारों के घर चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम देता था। ग्राम बल्दीडीह (थाना सांकरा) में उसने अपने सगे चाचा के घर बड़ी चोरी की। वहीं ग्राम चरौदा (थाना छुरा, जिला गरियाबंद) में अपनी सगी बहन के ससुराल में मई 2025 में डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
थाना सांकरा में दर्ज अपराध की विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर शुभम साहू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद मास्टरमाइंड कान्हा अग्रवाल सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि सभी आरोपी पहले रेकी करते थे और योजनाबद्ध तरीके से घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के जेवरात को अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों में खपाया जाता था।
आरोपियों के कब्जे से जब्त सामग्री
- 471.24 ग्राम सोने के आभूषण (कीमत लगभग 68.81 लाख रुपये)
- 1 किलो 429.53 ग्राम चांदी के आभूषण (कीमत लगभग 4.03 लाख रुपये)
- घटना में प्रयुक्त टाटा नेक्सॉन कार, मारुति स्विफ्ट कार और यामाहा मोटरसाइकिल
- मोबाइल फोन सहित अन्य सामान जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- शुभम साहू – निवासी झलप, महासमुंद
- हेमंत अग्रवाल उर्फ कान्हा – निवासी अनसुला, महासमुंद
- रौनक उर्फ भूपेंद्र सिंह सलुजा – निवासी पिथौरा
- योगेश कुमार साहू – निवासी सिमगा
- दीपक चंद्रवंशी – निवासी कवर्धा




