नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले का सोनपुर थाना यहां की हवालात में आज तक कोई बंद नहीं हुआ। वजह है कि इसके अंतर्गत आने वाले 63 गांव में कभी चोरी-लूट जैसी घटनाएं तक नहीं हुईं। 2020 में बने इस थाने के अंतर्गत 63 गांव आते हैं। इन गांवों में करीब 1500 लोग रहते हैं।
नक्सल प्रभावित होने की वजह से यहां अभी तक 36 केस दर्ज हुए हैं। ये सभी नक्सली मुठभेड़ से जुड़े हुए हैं। लोगों ने बताया कि हमने कभी ताला खरीदा ही नहीं। गांव में अगर छोटा विवाद होता भी है तो हम सभी मिलकर निपटा लेते हैं। थाने का दरवाजा हमने कभी नहीं देखा।
सोनपुर थाने में तैनात प्रधान आरक्षक दिनेश कुमार तामो बताते हैं कि यहां 23 लोग तैनात है। थाने में आज तक कोई शिकायत लेकर तक नहीं आया। यहां न तो जमीन विवाद होता है और न किसी तरह का झगड़ा। अधिकतर गांवों में आदिवासी रहते हैं। वे इतने सीधे हैं कि किसी से तेज आवाज में भी बात नहीं करते।
हवालात भी पांच साल में केवल एक बार ही खुला। पंचायत चुनाव के दौरान मतपेटियों को यहीं रखा गया था। उसके निशान आज भी हवालात का दरवाजा देखने को मिल जाएंगे। यही वजह है कि हवालात हमेशा खुली रहती हैं। हमने कभी यहां ताला तक नहीं लगाया।




