धमतरी। जिले से आत्महत्या का एक मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की ने ओवरहेड वाटर टैंक से छलांग लगा दी। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कांटा तालाब स्थित सुभाष नगर में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 17 वर्षीय नाबालिग ने लगभग 50 फीट ऊंची पानी की टंकी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृत नाबालिग की पहचान रानू उर्फ रागिनी श्रीवास्तव (17 वर्ष) निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है। छलांग लगाने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि पानी की टंकी से कूदकर 17 वर्षीय किशोरी ने आत्महत्या की है। जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जानकारी मिली है कि युवती मोबाइल पर बात करते हुए पानी की टंकी पर चढ़ी थी। कुछ ही देर बाद उसने अचानक छलांग लगा दी।




