जगदलपुर। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल (श्रम विभाग) द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी एवं प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना है।
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश दिया जाएगा तथा उन्हें कक्षा 12वीं तक निशुल्क शिक्षा की सुविधा मिलेगी।
श्रम पदाधिकारी भूपेंद्र नायक के अनुसार पात्र विद्यार्थियों से 22 जून 2026 से 3 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। योजना का लाभ ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को मिलेगा, जिनका श्रमिक पंजीयन आवेदन तिथि से कम से कम एक वर्ष पूर्व का हो।
पात्रता की प्रमुख शर्तें
- कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए आवेदन किया जा रहा हो।
- छात्र ने पिछले शैक्षणिक वर्ष में छत्तीसगढ़ शासन अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालय में नियमित अध्ययन किया हो।
आवश्यक दस्तावेज
- निर्माण श्रमिक पंजीयन कार्ड (एक वर्ष पुराना)
- श्रमिक का निवास प्रमाण पत्र
- आधार कार्ड
- कक्षा 5वीं की अंकसूची
- वर्तमान कक्षा में अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र
इच्छुक एवं पात्र अभिभावक अपने आवेदन जिला श्रम पदाधिकारी कार्यालय, श्रम संसाधन केंद्र (जनपद पंचायत), निकटतम लोक सेवा केंद्र अथवा चॉइस सेंटर के माध्यम से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने पात्र श्रमिक परिवारों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।




