नेशनल डेस्क। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां सीलापानी भिकियासैंण के पास यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है। कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस रामनगर की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि सैलापानी के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही छह यात्रियों की मौत हो गई। पांच शवों को घटनास्थल से बाहर निकाला गया, जबकि एक अन्य मृतक की पुष्टि बाद में हुई है। वहीं एक घायल महिला की मौत सीएचसी भिकियासैंण अस्पताल में हो गई है, जिसके बाद मरने वालों की संख्या सात पहुंची है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, हालांकि युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी है।
सुबह 6 बजे द्वाराहाट से निकली थी बस
पुलिस की मानें तो बस भिकियासैंण से रामनगर जा रही थी और सुबह करीब 6 बजे द्वाराहाट से निकली थी। रास्ते में बस अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बस में लगभग 12 यात्री सवार थे।




