अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में परिवारिक विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। यहां एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाली महिला शिक्षक ने अपने ASI पति की इतनी जोरदार पिटाई कर दी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर SP कार्यालय के शिकायत शाखा में पदस्थ ASI प्रशांत कुमार प्रकाश शुक्रवार रात शराब के नशे में घर लौटा। घर पहुंचते ही उसका पत्नी और बेटी से विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि ASI अक्सर नशे में घर आकर हंगामा करता है और परिवार से मारपीट करता है। उस रात स्थिति तब बिगड़ी, जब उसने अपनी ही बेटी पर हाथ उठाया। यह दृश्य देखकर लंबे समय से प्रताड़ना सह रही पत्नी प्रियंका प्रकाश का सब्र टूट गया और उन्होंने पति की जमकर धुनाई कर दी।
Read Also- बार-बार आत्महत्या की धमकी पति पर मानसिक अत्याचार, हाईकोर्ट ने पत्नी की अपील खारिज की
मारपीट में ASI प्रशांत कुमार प्रकाश के सिर, चेहरे, हाथ और गले पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उन्होंने खुद ही पत्रकारों को अपनी चोटों की तस्वीरें भेजकर घटना की जानकारी दी। प्रशांत का कहना है कि पत्नी ने इसलिए हमला किया क्योंकि वे उसे गोल्ड ज्वेलरी नहीं दिला पाए। दावा किया कि जब वे सो रहे थे, तभी पत्नी ने उन पर हमला बोल दिया।
उधर, पत्नी प्रियंका प्रकाश ने पति के आरोपों को पलटते हुए कहा कि प्रशांत लंबे समय से शराब पीकर परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। घटना वाली रात वह नशे में बेटी को पीट रहा था, इसलिए मजबूरी में उन्हें पति पर हाथ उठाना पड़ा। फिलहाल इस पूरे विवाद को लेकर थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
Read Also- धान बेचने का टोकन नहीं कट रहा था… किसान ने ब्लेड से काटा अपना गला
जानकारी यह भी सामने आई है कि ASI प्रशांत कुमार प्रकाश को उनके पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। शराब सेवन की लगातार मिल रही शिकायतों के चलते उन्हें सरगुजा IG कार्यालय से हटाकर बलरामपुर भेजा गया था। वहीं, उनकी पत्नी प्रियंका अंबिकापुर के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में शिक्षक हैं।




