दुर्ग। जिले के छावनी थाना क्षेत्र में शादी की खुशियां दुःख में बदल गई। दो सगे भाइयों के बीच मामूली विवाद जानलेवा बन गया। छोटे भाई ने बड़े भाई पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले से बड़े भाई स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना 22 दिसंबर कैंप-2 स्थित मोची मोहल्ले की है। यहां एक घर में विवाह समारोह चल रहा था। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार शादी में शामिल होकर खुशियां मना रहे थे। इसी दौरान किसी छोटी बात को लेकर दो भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई अजय कोलते ने गुस्से में आकर चाकू से बड़े भाई विजय कोलते के पेट पर वार कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि विजय मौके पर ही गिर पड़ा और उसके पेट की आंतें बाहर आ गईं।
परिजनों ने तुरंत घायल विजय को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे सुपेला स्थित जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और वारदात के बाद फरार हो रहे आरोपी छोटे भाई को हिरासत में ले लिया।




