भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। शिलापानी बैंड के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कुमाऊं मोटर ओनर यूनियन लिमिटेड की यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में सात यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
![]()
केएमओयू की बस संख्या यूके 07 पीए 4025 सुबह करीब छह बजे द्वाराहाट के नोबाड़ा से रामनगर के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग आठ बजे शिलापानी बैंड से करीब 700 मीटर आगे सिरकोन गधेरे के पास मोड़ पर सड़क किनारे बने गड्ढे में बस का टायर चला गया। इसके बाद स्टेयरिंग फेल हो गई और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना गंभीर था कि छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाई की अधिक गहराई के कारण राहत और बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, हालांकि स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से अभियान तेजी से चलाया गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल नंदा बल्लभ और हंसी देवी को एयर लिफ्ट किया गया, जबकि नंदी देवी और राकेश कुमार को रामनगर के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। मृतकों का पोस्टमॉर्टम भिकियासैंण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक रानीखेत प्रमोद नैनवाल और विधायक सल्ट महेश जीना मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने और रेफर कराने में सहयोग किया। गंभीर घायलों को एयर लिफ्ट कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत से भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी अंशुल सिंह और एसएसपी देवेंद्र पींचा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों का हाल जाना।
हादसे में घायल जितेंद्र रिखाड़ी ने बताया कि बस का टायर गड्ढे में जाने के बाद तेज आवाज हुई और वाहन सीधे गधेरे में जा गिरा। बस चालक नवीन चंद तिवारी ने बताया कि सड़क संकरी थी और मौके पर कोई क्रैश बैरियर नहीं था, जिससे बस खाई में गिर गई।




