जशपुर । शराब की लत एक युवक को इस हद तक ले गई कि उसने चोरी जैसे गंभीर अपराध को अंजाम दे डाला। बगीचा थाना पुलिस ने बूढ़ाडाँड़ गांव में हुई 1 लाख 20 हजार रुपए की चोरी के मामले में आरोपी प्रमोद खेस्स को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से 30,000 रुपए नगद बरामद किए हैं, जबकि शेष राशि उसने शराब, सैर-सपाटा और ऐश-मौज में उड़ा दी।
घटना 27 मई की रात की है, जब बूढ़ाडाँड़ गांव निवासी अविनाश कुमार गुप्ता के घर संचालित कियोस्क शाखा से 1 लाख 20 हजार रुपए चोरी हो गए थे। पीड़ित ने बगीचा थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित जांच शुरू की।
Read Also- छत्तीसगढ़ में जवानों ने फिर हासिल की फ़तेह, मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी नक्सली ढ़ेर
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव का एक युवक, जो पहले सामान्य जीवन जीता था और मामूली शराब का सेवन करता था, अब अचानक महंगी शराब पीने लगा है और अपने दोस्तों पर खुलकर पैसा खर्च कर रहा है। उसकी दिनचर्या में अचानक आया यह बदलाव पुलिस के लिए बड़ा संकेत बन गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेह के आधार पर प्रमोद खेस्स को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि एक दिन वह किसी काम से अविनाश गुप्ता के घर गया था, जहां उसने उन्हें एक कमरे में बैग से पैसे निकालते देखा। तभी उसके मन में लालच आया और मौका मिलते ही वह घर में घुसा और बैग से पूरे 1 लाख 20 हजार रुपए चुरा लिए। चोरी के बाद उसने बैग को घर के बाहर फेंक दिया ताकि किसी को शक न हो।
Read Also- विधायक रिकेश सेन पर युवक ने लगाया 17 महीने की सैलरी न देने का आरोप, पीएम तक की गई शिकायत
प्रमोद ने पुलिस को बताया कि चोरी की राशि में से अधिकांश रकम उसने महंगी शराब पीने, दोस्तों को पार्टी देने और बाहर घूमने-फिरने में खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी के पास से 30,000 रुपए नगद बरामद किया हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।




