नई दिल्ली: शुक्रवार को देश के तीन बड़े हाईकोर्ट दिल्ली, बॉम्बे हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे हड़कंप मच गया। दिल्ली हाईकोर्ट को भेजे गए ईमेल में दावा किया गया कि कोर्ट रूम में तीन बम रखे गए हैं और दोपहर 2 बजे जुमे की नमाज से पहले परिसर को खाली करने की चेतावनी दी गई है।
ईमेल के सब्जेक्ट में लिखा था, “पवित्र शुक्रवार विस्फोटों के लिए पाकिस्तान-तमिलनाडु की मिलीभगत, जज रूम/कोर्ट परिसर में 3 बम रखे गए हैं।” इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। कोर्ट परिसर को खाली कराकर बम स्क्वॉड की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया।
बॉम्बे हाईकोर्ट को भी शुक्रवार सुबह इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद वहां भी वकीलों, जजों और कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया। सभी कोर्ट रूम की जांच की जा रही है और बम स्क्वॉड तैनात है।
उधर, पटना में भी 11 सितंबर को पाकिस्तानी एक्स हैंडल से धमकी भरा मेल आया था, जिसमें शुक्रवार को सार्वजनिक स्थानों पर बम धमाके करने की बात कही गई थी।
फिलहाल सभी स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच एजेंसियां ईमेल की सत्यता व स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।




