बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में बीच सड़क चाय व्यवसायी पर कट्टा अड़ाकर लूट का प्रयास करने वाले आरोपी गगनदीप बंसल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। व्यवसायी की हिम्मत और शोर मचाने से लुटेरे मौके से भाग गए थे, लेकिन घटना CCTV में कैद हो गई थी।
यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा इलाके की है। यहां के चाय व्यवसायी पर तीन बदमाशों ने लूट की नीयत से कट्टा तान दिया। हालांकि व्यवसायी ने डरने के बजाय शोर मचाया, जिससे आरोपी घबरा गए और तुरंत मौके से फरार हो गए। घटना के समय तीनों बदमाश एक ही बाइक पर सवार थे। वारदात को तेजी से अंजाम देने की कोशिश की गई, लेकिन विरोध के कारण उनकी योजना असफल रही।
सड़क पर लगे कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई थी। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों के 300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता तैयार किया। पुलिस ने तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर आरोपी गगनदीप बंसल को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है।




