बीजापुर। जिले के दक्षिण क्षेत्र में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डीआरजी की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी, इसी दौरान शनिवार सुबह करीब 5 बजे से डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुककर मुठभेड़ जारी है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान अब तक मुठभेड़ स्थल से दो माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। इलाके में सुरक्षाबलों का अभियान लगातार जारी है।
सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए फिलहाल मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं की जा रही है, ताकि ऑपरेशन में लगे जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन पूर्ण होने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।




