Khabarwaad National Desk: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन मुसीबत में घिरते नजर आ रहे हैं। दरअसल, आंध्र प्रदेश पुलिस ने उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि अल्लू अर्जुन ने बिना किसी सूचना के वाईएसआरसीपी विधायक शिल्पा रवि घर पर पहुंचकर उनके लिए चुनाव प्रचार किया। उनकी झलक पाने के लिए हजारों की संख्या में फैंस जमा हो गए थे, जिससे स्थिति बिगड़ सकती थी।
बता दें, आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी होने हैं। नांद्याल सीट से वाईएसआरसीपी विधायक व अल्लू अर्जुन के दोस्त शिल्पा रवि दोबारा चुनावी मैदान में हैं। अधिकारियों ने बताया साउथ फिल्म एक्टर ने उनके घर जाने से पहले निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी को सूचित नहीं किया था। इसलिए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
Read also: सड़क पर टहल रही महिला से टकराया बाइक सवार युवक, परिजनों ने की बेदम पिटाई, अस्पताल में मौत
फैंस की उमड़ी भीड़
जानकारी के मुताबिक, अल्लू अर्जुन जब शिल्पा रवि के घर पहुंचे तो उनकी एक झलक पाने से लिए सड़क पर प्रशंसकों की जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी जो पुष्पा- पुष्पा के नारे लगा रही थी। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अल्लू अर्जुन खतरनाक तरीके से फैंस के बीच घिरे नजर आ रहे हैं। इसके बाद एक्टर ने अपनी पत्नी स्नेहा रेड्डी के साथ बालकनी से लोगों का अभिवादन किया। इस मौके पर शिल्पा रवि और उनका परिवार भी एक्टर के साथ था।
धारा 188 के तहत दर्ज किया गया मामला
अधिकारियों ने बताया, अल्लू अर्जुन के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि चुनावों के मद्देनजर धारा 144 लागू है जिसमें बिना अनुमति भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं है। बता दें, 13 मई यानी सोमवान को राज्य में विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए एक साथ मतदान होना है। अल्लू अर्जुन उनके प्रति समर्थन दिखाने के लिए चुनाव प्रचार के अंतिम दिन विधायक के घर गये थे।




