Khabarwaad Pendra: जिले के बसंतपुर रोड में बाइक सवार युवक एक महिला से टकरा गया। इस घटना में महिला को हल्की चोटें आई, लेकिन उसके बाद गुस्साएं परिजनों ने युवक की बेदम पिटाई कर दी। जिसे गंभीर हालत में पेंड्रा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से उसे बिलासपुर रेफर किया गया। सिम्स में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। वहीं पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों की मांग है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
बच्चे को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित बाइक महिला से टकराई
जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार की रात 9 बजे के करीब की है। रामा पनिका पेंड्रा से अपने घर आमांडांड बाइक से जा रहा था। इसी बीच बाइक के आगे एक छोटा बच्चा आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर टहल रही महिला से टकरा गई। इसके कारण महिला को चोट लगी और लोगों ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। इस दौरान घायल महिला के परिवार के सदस्य रामा को बेरहमी से मारने लगे। लोगों ने उन्हें समझाने की भी कोओशिश की लेकिन परिजनों ने किसी की नहीं सुनी। जिसके बाद युवक बदहवास होकर गिर गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे
जानकारी मिलते ही बाइक सवार युवक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत उसे ले जाकर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आपको बता दें कि एक हादसे और गलतफहमी ने एक बुजुर्ग मां बाप से उसका बेटा और एक मासूम से उसका पिता छीन लिया। आसपास के लोगों ने बताया कि रामा अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसकी पत्नी की पहले मौत हो चुकी थी। मृतक का 10 साल का बेटा है, जो कि बुजुर्ग मां-बाप के साथ रहता है, लेकिन इस घटना के बाद से एक बेटे के सिर से बाप का भी साया उठ गया। बहरहाल परिजन आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।




