नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शनिवार को अमेरिका की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी Anthropic के सीईओ डारियो अमोदोई ने मुलाकात की। कैलिफोर्निया स्थित यह स्टार्टअप AI सेफ्टी और रिसर्च के क्षेत्र में काम करता है और अब भारत में अपने विस्तार की योजना बना रहा है।
अमोदोई ने इस मुलाकात की जानकारी X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री के साथ की एक तस्वीर भी पोस्ट की। उन्होंने लिखा कि भारत में Anthropic के विस्तार को लेकर उन्होंने पीएम मोदी के साथ चर्चा की। अमोदोई ने बताया कि जून के बाद से Claude Code के भारतीय उपयोगकर्ताओं की संख्या में 5% की वृद्धि हुई है और भारत शिक्षा, स्वास्थ्य तथा कृषि जैसे क्षेत्रों में AI के उपयोग से इस तकनीक के भविष्य को दिशा देगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी अमोदोई के पोस्ट को रीट्वीट करते हुए कहा कि, “भारत का टेक इकोसिस्टम और टैलेंट AI को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है। हम भारत में Anthropic के विस्तार का स्वागत करते हैं।”
गूगल समर्थित यह स्टार्टअप भारत में अपना पहला ऑफिस खोलने जा रहा है। कंपनी ने घोषणा की है कि अगले साल बेंगलुरु में Anthropic का भारतीय मुख्यालय स्थापित किया जाएगा। भारत में फिलहाल लगभग 1 अरब इंटरनेट यूजर्स हैं, जिससे यहां का डिजिटल मार्केट AI कंपनियों के लिए एक बड़ा अवसर बन गया है।
AI सेक्टर में वर्तमान में ChatGPT, Google Gemini, Perplexity AI और DeepSeek जैसे प्रमुख प्लेयर्स पहले से मौजूद हैं। Anthropic के भारत आने से इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा और नवाचार दोनों बढ़ने की उम्मीद है।




