दुर्ग। धमधा थाना क्षेत्र के घोटवानी गांव में आज सुबह अचानक उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब हूटर बजाते हुए दो कारों में सवार नकाबपोश बदमाश गांव में घुस आए। बदमाशों ने यहां रहने वाले कोमल वर्मा के घर पर धारदार हथियारों से हमला किया और घर की महिलाओं को चाकू से घायल कर दिया।
हमले के बाद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान तीन बदमाश ग्रामीणों और पुलिस के हत्थे चढ़ गए, एक को खेत-बाड़ी से पकड़ा गया। अब तक कुल चार बदमाश गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि हमला कराने वाला मुख्य सरगना मौके से भागने में कामयाब रहा है।
घटना के बाद पूरे गांव को छावनी में बदल दिया गया है। एसपी विजय अग्रवाल और एसडीओपी अलेक्जेंडर कीरो मौके पर मौजूद हैं। पुलिस तलाशी अभियान चला रही है। गांव में दहशत और आक्रोश दोनों माहौल साफ दिख रहा है।
हमले की मुख्य वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस पूछताछ और जांच जारी है।




